झारखंड कांग्रेस कमेटी ने गठित की शिकायत निवारण सेल
रांची, 06 जुलाई (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पार्टी के झारखंड प्रभारी के राजू के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शिकायत निवारण सेल का गठन किया है।
इस सेल में नरेंद्र लाल गोपी, जितेंद्र त्रिवेदी, राजेश चंद्र राजू और इस्तियाक अहमद टूनू को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। प्रदेश कांग्रेस मिडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शिकायत निवारण सेल राज्य के सभी जिलों और प्रखंडों से प्राप्त शिकायतों का संकलन करेगा एवं उन्हें संबंधित प्रदेश पदाधिकारियों तक भेजकर उनके त्वरित निष्पादन और आवश्यक समन्वय की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
साथ ही समय-समय पर शिकायतों की मॉनिटरिंग और फॉलो-अप की जिम्मेदारी भी निभाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सभी मनोनीत सदस्यों से अपेक्षा व्यक्त की है कि वे संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा, जवाबदेही और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे एवं प्रदेश संगठन को और अधिक जवाबदेह तथा कार्यकर्ता-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस ने विश्वास व्यक्त किया है कि शिकायत निवारण सेल के गठन से संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और समन्वय मजबूत होगा एवं कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak