खनिज संशोधन विधेयक से प्रभावित हो सकते हैं झारखंड के हित : कुमार गौरव

 


रामगढ़, 25 अगस्त (हि.स.)। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 और राजनीतिक चंदे से जुड़े मुद्दों के विरोध में रामगढ़ जिला कांग्रेस कमिटी का चरणबद्ध आंदोलन जारी है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर मंगलवार को होटल लामैरिटल के सभागार में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ नेता एवं युवा आयोग के अध्यक्ष कुमार गौरव ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से खान एवं खनिज से संबंधित कानून में किए जा रहे संशोधन से झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य के अधिकार और हित प्रभावित हो सकते हैं। खनिज संसाधनों पर राज्य के अधिकार, स्थानीय लोगों के हित, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण तथा जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही कई निर्णय लिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा राज्य की अर्थव्यवस्था और यहां के लोगों के जीवन-यापन से सीधे जुड़ी है। केंद्र सरकार को राज्य के हितों और संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगी।

कुमार गौरव ने प्रस्तावित सेस (उपकर) को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे झारखंड की वित्तीय स्थिति पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसका प्रभाव मंईयां सम्मान योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित गरीब, महिला, बुजुर्ग और जरूरतमंद वर्गों के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ने की आशंका है। राज्य के राजस्व में संभावित कमी से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और सिंचाई जैसी विकास योजनाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।

प्रेसवार्ता में राजनीतिक चंदे और चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। रामगढ़ जिला कांग्रेस कमिटी की जिलाध्यक्ष सह विधायक ममता देवी ने कहा कि राजनीतिक चंदे और चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगी।

प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के तहत आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सेस बिल के कारण यदि झारखंड के राजस्व और वित्तीय संसाधनों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है, तो इसका असर सीधे आम जनता पर पड़ेगा। इसलिए झारखंड के हितों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी हर स्तर पर मजबूती से संघर्ष करेगी।

प्रेस वार्ता में कार्यकारी अध्यक्ष पंकज तिवारी, सीपी संतन, बलजीत सिंह बेदी, खगेंद्र साव, राजकुमार साव, मुन्ना पासवान, संजय साव, दिनेश मुंडा, प्रवक्ता सह मीडिया चेयरमैन सुधीर मंगलेश, बलराम साहू, समसुद खान, ननकी सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश