झारखंड पहली बार करेगा डूरंड कप फूटबॉल की मेजबानी

 


रांची, 22 जून (हि.स.)।

झारखंड के खेल जगत में रांची में पहली बार प्रतिष्ठित डूरंड कप फूटबॉल की मेजबानी राजधानी रांची करेगा। 26 जुलाई 2026 से इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट के शुरू होने की संभावना है। यह बातें पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को रांची में हुई बैठक में कही गई।

इस दौरान खास तौर पर इस खेल के ऐतिहासिक आयोजन की सफल मेजबानी को लेकर ठोस निर्णय लिए गए। आयोजन को लेकर सचिव ने बैठक में विश्वस्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना शाैर विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई अहम निर्देश दिए। वहीं स्टेडियम की तैयारियों, संचालन संबंधी आवश्यकताओं, सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक प्रबंधन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

सचिव ने कहा कि रांची में पहली बार डूरंड कप का आयोजन झारखंड में फुटबॉल के विकास और खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट का सफल आयोजन आने वाले वर्षों में रांची में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैचों की मेजबानी की संभावनाओं के नए द्वार खोलेगा।

झारखंड को बड़े खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक होगा। डूरंड कप 2026 का उद्घाटन समारोह खेल, देशभक्ति, भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं एवं झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम होगा। समारोह के प्रमुख आकर्षणों में भारतीय सशस्त्र बलों की रोमांचक शो, आर्मी बैंड की विशेष प्रस्तुति एवं पारंपरिक नृत्य शामिल होंगे। इसके साथ ही झारखंड की लोक एवं जनजातीय नृत्य परंपराओं की भव्य प्रस्तुतियां राज्य की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करेंगी।

बैठक में छवि रंजन, निदेशक, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, आसिफ एकराम, निदेशक, संस्कृति निदेशालय, कर्नल हेम चंद्रा, डूरंड कप के नोडल आर्मी अधिकारी सहित संबंधित कई अन्य, अधिकारी पदाधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar