झारखंड में दक्षिण भारत से आएंगे 1,200 चिकित्सक : इरफान
रांची, 09 अक्टूबर (हि.स.)।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए राज्य में 306 सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों और 200 मेडिकल ऑफिसरों सहित कुल 506 चिकित्सकों की बहाली की प्रक्रिया तेज की जा रही है। इसके अलावा दक्षिण भारत से 1,200 डॉक्टरों को झारखंड लाने की तैयारी की जा रही है। चेन्नई, केरल, हैदराबाद और बेंगलुरु से चिकित्सकों को लाने के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं।
मंत्री शक्रवार को नेपाल हाउस स्थित स्वास्थ्य विभाग में उच्चस्तरीय समीक्षात्मक में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने राज्य में डॉक्टरों की उपलब्धता, अस्पतालों के संचालन और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से चर्चा की।
मंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई, डिजिटल एक्स-रे और पैथोलॉजी जांच जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
इसके साथ ही पुराने अस्पतालों को चालू करने और मेडिकल कॉलेजों में रिक्त फैकल्टी पदों को भरने पर भी जोर दिया जाएगा।
अंसारी ने कहा कि डॉक्टरों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने 108 एंबुलेंस कर्मचारियों से हड़ताल से बचने और बातचीत के जरिए समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह सहित कई अन्य अधिकारी पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar