बीरेंद्र प्रधान को राज्यसभा भेजने संबंधी प्रस्ताव पार्टी अध्यक्ष को भेजेगी झारखंड लोजपा

 


रांची, 02 जून (हि.स.)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), प्रदेश कार्यसमिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक जनार्दन पासवान भी उपस्थित थे। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने, संगठनात्मक मजबूती, झारखंड सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध जिला स्तर पर आंदोलन चलाने एवं पार्टी की भावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि प्रदेश अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान को राज्यसभा सदस्य के लिए या बिहार में होने वाले विधान परिषद चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का आधिकारिक उम्मीदवार बनाने संबंधी प्रस्ताव राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के समक्ष भेजा जाएगा।

इसके अलावा निष्क्रिय पदाधिकारियों की समीक्षा कर संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपने, झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) में भोजपुरी, मगही और अंगिका भाषाओं को शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के पृथक गठन के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व को प्रस्ताव भेजने, प्रदेश कार्यसमिति में सभी प्रमंडलों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने एवं प्रत्येक प्रमंडल में अलग प्रभारी नियुक्त करने संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई।

वहीं बैठक में पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने पर भी सहमति व्यक्त की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak