कोराम्बे में खुली झारखंड ग्रामीण बैंक की 462 वीं शाखा

 


रामगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। पतरातु प्रखंड के कोरांबे गांव में झारखंड ग्रामीण बैंक की शाखा का उद्घाटन बुधवार को हुआ। यह ग्रामीण बैंक की 462 वीं शाखा है। वर्षों से बैंकिंग सुविधा का अभाव झेल रहे लोगों को अब काफी सुविधा होगी। महावीर चौक, कोराम्बे में शुरू हुई यह शाखा लगभग 25 से 30 गांवों के हजारों ग्रामीणों के लिए राहत और विश्वास का नया केंद्र बनेगा। शाखा का उद्घाटन मुख्य अतिथि मदन मोहन बरियार ने किया। समारोह में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और बैंक अधिकारी उपस्थित थेे।

उद्घाटन समारोह के दौरान बैंक ने ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं, युवाओं सहित अन्य लाभुकों के लिए विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की शुरुआत की। उद्घाटन के अवसर पर ही 625 बचत खाते खोले गए। इसके साथ ही 08 चालू खाते, 02 किसान क्रेडिट कार्ड, 03 कृषि अवधि ऋण, 01 कृषि अवसंरचना निधि ऋण, 01 ग्रामीण अवसंरचना वित्त योजना, 01 लघु परिवहन ऋण एवं 01 आवास ऋण स्वीकृत कर लाभुकों को प्रदान किए गए।

मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि यह शाखा केवल लेन-देन का केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीण समृद्धि और आत्मनिर्भरता की मजबूत आधारशिला बनेगी। किसानों को सुलभ ऋण, युवाओं को स्वरोजगार के अवसर, महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण और छोटे व्यापारियों को वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने में यह शाखा महत्वपूर्ण भूमिका

निभाएगी।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक भोला दानी, वरिष्ठ प्रबंधक महेश कुमार लाभ, शाखा प्रबंधक विकास कुमार रंजन, कार्यालय सहायक अशोक कुमार गुप्ता, अरुण कुमार सिंह मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश