झारखंड के किसानों की उपज का नहीं मिल पा रहा वैल्यू एडिशन : जयराम

 


रांची, 26 फ़रवरी (हि.स.)। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के विधायक जयराम महतो ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियां झारखंड के किसानों के लिए लाभकारी साबित नहीं हो रही हैं। किसानों की उपज का वैल्यू एडिशन नहीं मिल रहा है। झारखंड के किसान अपना टमाटर 05 से 10 रुपये प्रति किलो बेचने को विवश हैं, जबकि उसी टमाटर से बनी सॉस की कीमत बाजार में हजारों रुपये प्रति किलो है। इसी तरह जब गेहूं, मक्के की कीमत कम और उसी को प्रोसेसिंग कर कॉर्नंफ्लेक्स की कीमत आसमान छू रहा है।

हमारे राज्य से किसानों के उत्पाद कच्चा माल दूसरे स्थान पर बेचने से दूसरों राज्यों को ज्यादा मुनाफा मिलता है। उन्होंने सदन में कटौती प्रस्ताव के विपक्ष में बालते हुए कहा कि झारखंड में किसान खेती कर केवल पेट भर सकते हैं, जीवन स्तर नहीं सुधार सकते। जयराम ने कहा कि राज्य के अधिकांश किसान माॅनसून पर निर्भर हैं और मुख्य रूप से बारिश के मौसम में धान की एक फसल ही ले पाते हैं। सिंचाई व्यवस्था के अभाव में वे गेहूं या अन्य फसल की खेती करने में असमर्थ हैं, जिससे उन्हें पर्याप्त लाभ नहीं मिल पाता। एक फसली खेती के कारण किसानों की आय सीमित हो जाती है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि प्रत्येक जिले में एग्रो पार्क और फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर धरातल पर किसान हितों में काम करें। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा और किसानों को उनकी उपज का उचित मुनाफा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar