झारखंड चेंबर का चुनाव 13 सितंबर को, 31 अगस्त से 01 सितंबर तक नामांकन दाखिल

 




रांची, 20 अगस्त (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का चुनाव 13 सितंबर 2026 को रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में होगा।

चुनाव प्रक्रिया के निर्धारण के लिए चेंबर भवन में चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर की अध्यक्षता में चुनाव समिति की बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक में चुनाव कार्यक्रम और नामांकन प्रक्रिया से संबंधित पहलुओं पर चर्चा करते हुए नामांकन दाखिल करने एवं नामांकन वापस लेने की तिथियां निर्धारित की गईं। चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर ने बताया कि चुनाव में भाग लेने के इच्छुक प्रत्याशी 31 अगस्त से 01 सितंबर 2026 को शाम 04 बजे तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे।

नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 03 सितंबर

नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 03 सितंबर 2026 को दोपहर 03 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त नामांकनों की स्क्रूटिनी की जाएगी और प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि आमसभा से 21 दिन पूर्व सदस्यों को नोटिस जारी करने की बाध्यता के तहत चेंबर कार्यालय की ओर से सभी सदस्यों को आगामी आमसभा एवं चुनाव से संबंधित नोटिस जारी कर दी गई है।

चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर ने बताया कि ऐसे सदस्य, जिन्हें चेंबर की सदस्यता प्राप्त किए हुए एक वर्ष पूर्ण हो चुका है, वे कार्यकारिणी समिति के सदस्य एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में चेंबर की 21 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति के साथ-साथ झारखंड के छह प्रमंडलों के लिए क्षेत्रीय उपाध्यक्षों का भी चुनाव किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak