ईस्टर्न झारखंड चेंबर के शपथ ग्रहण समारोह में झारखंड चेंबर के पदाधिकारी हुए शामिल

 


रांची, 13 जून (हि.स.)। ईस्टर्न झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहेबगंज की नवगठित कार्यकारिणी समिति के शपथ ग्रहण समारोह में फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी शनिवार को शामिल हुए।

इस अवसर पर चेंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, को-ऑर्डिनेशन विद एफिलिएटेड उप समिति के चेयरमैन साहिल्य पवन, संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद झारखंड चेंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल और सह सचिव रोहित पोद्दार ने ईस्टर्न झारखंड चेंबर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय भुवानिया और अंकित केजरीवाल, सचिव मोहित मेघराजका, सह सचिव पिंटू साह एवं अजय डोकानिया, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार तथा कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान नव निर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र एवं सम्मान पत्र दिया गया।

नई कार्यकारिणी के गठन से क्षेत्र के व्यापार और उद्योग जगत को मिलेगी नई दिशा : महासचिव

झारखंड चेंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि ईस्टर्न झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज की नई कार्यकारिणी के गठन से क्षेत्र के व्यापार और उद्योग जगत को नई दिशा एवं ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड चेंबर राज्यभर की संबद्ध संस्थाओं के साथ मिलकर व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान एवं औद्योगिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने राज्य में औद्योगिक क्षेत्रों के विकास, उद्योगों की समस्याओं के समाधान, निवेश प्रोत्साहन और व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए चेंबर के प्रयासों की जानकारी दी।

चेंबर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि एक मजबूत संगठन ही व्यापारिक समुदाय की सबसे बड़ी शक्ति होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी व्यापारियों को एक सशक्त मंच प्रदान करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और क्षेत्र में व्यापार एवं उद्योग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

झारखंड चेंबर के संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि साहेबगंज सहित पूरे संथाल परगना क्षेत्र में व्यापार एवं उद्योग की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी स्थानीय व्यापारियों और उद्यमियों की आवाज को और अधिक मजबूती से उठाने का कार्य करेगी एवं क्षेत्र के अधिकाधिक व्यापारियों को झारखंड चेंबर से जोड़कर उन्हें राज्यस्तरीय मंच का लाभ दिलाने का प्रयास करेगी।

वहीं, ईस्टर्न झारखंड चेंबर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने संगठन की ओर से उन पर व्यक्त किए गए विश्वास के लिए सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और व्यापारिक समुदाय की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित स्वदेशी, समाजसेवी चंद्रवर प्रसाद सिन्हा, डॉ कमल महावर, डॉ विजय कुमार सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने नव निर्वाचित टीम को बधाई दी। समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak