झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स का चुनाव 13 को, आम सभा में अध्यक्ष ने गिनाईं उपलब्धियां

 


रांची, 12 सितंबर (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की 62वीं वार्षिक आमसभा अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में शनिवार को चेंबर भवन में हुई।

बैठक में साहेबगंज, गोड्डा, जामताडा, मधुपुर, रामगढ, पाकुड, बोकारो, गुमला, महगामा चेंबर ऑफ कॉमर्स, संबद्ध संस्था के पदाधिकारियों के साथ-साथ जिले के व्यवसायी-उद्यमी और प्रोफेशनल्स उपस्थित थे।

इस अवसर पर महासचिव रोहित अग्रवाल ने चेंबर के इस सत्र की वार्षिक गतिविधियों को सभा के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने चेंबर के सत्र 2025-26 के बैलेंस शीट और आय-व्यय की रिपोर्ट को प्रस्तुत किया जिसे सभा में उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित किया। आमसभा ने सर्वसम्मति से चेंबर के ऑडिटर की नियुक्ति की गई। इस दौरान मेसर्स जेएन अग्रवाल एंड कंपनी को पुनः एक वर्ष के लिए चेंबर का ऑडिटर नियुक्त किया गया।

झारखंड की औद्योगिक क्षमता एवं निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर किया प्रस्तुत : अध्यक्ष

मौके पर चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि वर्ष 2026 फेडरेशन के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धियों वाला वर्ष रहा। पहली बार फेडरेशन को झारखंड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में सहभागिता का अवसर मिला, जहां झारखंड की औद्योगिक क्षमता एवं निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया गया।

फेडरेशन के निरंतर प्रयासों से अनाधिकृत भवनों के नियमितीकरण की योजना, पंडरा कृषि मंडी को मतगणना से मुक्त रखने, कृषि मंडियों और औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं, बैंकिंग सुविधाओं एवं व्यापारिक सुरक्षा जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण पहल हुई। उन्होंूने निवेश एवं व्यापार को बढ़ावा देने के लिए 114 देशों के दूतावासों से संपर्क, विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ एमओयू तथा सिंगापुर-जापान के बिजनेस डेलीगेशन से जुड़े अवसर भी फेडरेशन के प्रयासों का हिस्सा रहे। राज्य में आईटी पार्क और निफ्ट की स्थापना की दिशा में भी फेडरेशन के लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य झारखंड को निवेश, उद्योग, रोजगार और नई तकनीक के लिए देश का प्रमुख गंतव्य बनाना है। उन्होंने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए प्रदेश के व्यापार एवं उद्योग जगत के साथ ही राज्य सरकार, जिला प्रशासन और मीडिया के प्रति वर्ष भर सहयोग के लिए आभार जताया।

सभा में उपस्थित सदस्यों ने खड़े होकर ध्वनिमत से चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के अध्यक्षीय कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए उनका अभिवादन किया और इस सत्र के दौरान चैंबर के द्वारा संपन्न कार्यों की सराहना की।

सुबह 09 बजे से शाम 05 बजे तक मारवाडी भवन में होगा मतदान

चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और पवन शर्मा ने चुनावी प्रक्रियाओं से अवगत कराते हुए सभी सदस्यों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि रांची के हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में रविवार की सुबह 09 बजे शाम 05 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतों की गिनती और परिणाम की घोषणा की जायेगी।

साथ ही उन्होंने तीन प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के निर्विरोध चयन की भी घोषणा की जिनमें अमरजीत सिंह सलूजा (कोयलांचल), विजय आनंद मूंका (कोल्हान), विनय कुमार अग्रवाल (नार्थ छोटानागपुर) शामिल हैं। यह भी कहा कि रविवार को 21 कार्यकारिणी सदस्यों के साथ तीन प्रमंडल पलामू, साउथ छोटानागपुर और संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का चुनाव भी होगा।

चुनाव समिति के को चेयरमैन पवन शर्मा ने सभी सदस्यों से शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव को संपन्न करने में सहयोग की अपील की। उन्होंने आग्रह किया कि शहर का यातायात प्रभावित न हो इसलिए अधिक से अधिक पैदल, साइकिल या पब्लिक ट्रांसपोर्ट से मतदान स्थल पर आएं।

आमसभा में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, रमेश कुमार, पूर्व अध्यक्ष आरके सरावगी, ललित केडिया, गिरीश मल्होत्रा, अर्जुन जालान सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak