झारखंड चेंबर के सत्र 2026-27 के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का गठन, तुलसी पटेल बने अध्यक्ष
रांची, 15 सितंबर (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति के सदस्यों की बैठक मंगलवार को चेंबर भवन में चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर एवं पवन शर्मा की अध्यक्षता में हुई। चुनाव पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए राज्य के व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स के हित में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में सत्र 2026-27 के पदाधिकारियों का चयन किया गया। सर्वसम्मति से तुलसी पटेल को झारखंड चेंबर का अध्यक्ष चुना गया। वहीं विकास विजयवर्गीय और रोहित पोद्दार को उपाध्यक्ष, रोहित अग्रवाल को महासचिव, अमित शर्मा और पूजा ढाढा को सह सचिव एवं नवजोत अलंग को कोषाध्यक्ष चुना गया।
व्यापारियों के सहयोग से प्राथमिकता के आधार पर होगा काम : तुलसी
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल ने चुनाव के दौरान राज्य के व्यापार और उद्योग जगत से मिले सहयोग और समर्थन के लिए सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चेंबर को और अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए सभी सदस्यों, व्यापारियों एवं उद्यमियों के सहयोग से प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने झारखंड चेंबर के स्थापना दिवस के अवसर पर चेंबर के संस्थापक अध्यक्ष राय बहादुर हरक चंद जैन और संस्थापक सचिव एआर बुधिया के प्रति श्रद्धापूर्वक कृतज्ञता व्यक्त किया। उन्हों ने कहा कि उनके प्रयासों और दूरदृष्टि से स्थापित यह संस्था आज राज्य के व्यापारियों और उद्यमियों की एक सशक्त आवाज बन चुकी है। उन्होंने कहा कि संस्थापकों की इसी सोच, परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाते हुए चेंबर को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
राज्य के व्यापारियों, उद्यमियों एवं प्रोफेशनल्स के हितों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाते हुए सरकार और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी। उन्होंने सभी सदस्यों से इस उद्देश्य में सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक के बाद चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर और पवन शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल सहित सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पदभार सौंपा। साथ ही उन्होंने चेंबर के स्थापना दिवस पर सभी चेंबर के सदस्यों को बधाई दी।
बैठक में नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, रोहित पोद्दार, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, डॉ अभिषेक रामाधीन, प्रवीण लोहिया, विनीता सिंघानिया, राम बांगड़, मनीष जैन, निधि झुनझुनवाला, आस्था किरण, अमित अग्रवाल, राहुल साबू, अनिल अग्रवाल, अमित किशोर, मोनिका गोयनका के अलावा निवर्तमान अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak