झारखंड चेंबर और स्किल डेवलपमेंट मिशन का मेगा जॉब फेयर 15 जुलाई से
रांची, 19 जून (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की स्किल डेवलपमेंट उप समिति की बैठक चैंबर भवन में हुई।
बैठक में झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी की ओर से विजय कुमार, विश्वरूप और चंद्रशेखर सिंह उपस्थित थे। बैठक में झारखंड चेंबर और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी के बीच प्रस्तावित एमओयू के प्रारूप एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। साथ ही उद्योग आधारित कौशल विकास के लिए प्राथमिक क्षेत्रों की पहचान, चेंबर से जुड़े उद्योगों और सदस्यों की स्किल आवश्यकताओं के आकलन एवं राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से संयुक्त रूप से जॉब फेयर आयोजित करने पर सहमति बनी।
12 हजार रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य
बैठक में निर्णय लिया गया कि झारखंड चेंबर और स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में एक मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से इस अभियान के तहत पैन इंडिया स्तर पर लगभग 12 हजार रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। फेडरेशन अपने सभी सदस्य उद्योगों और प्रतिष्ठानों से उनकी मैनपावर आवश्यकताओं का विवरण प्राप्त करेगा। इसके लिए एक गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें सदस्य अपनी आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों का विवरण भरेंगे।
स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसायटी इन आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित और उपयुक्त अभ्यर्थियों की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी।
वहीं चेंबर उपाध्यक्ष राम बांगड़ और महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि यह पहल झारखंड के स्किल्ड एवं अनस्किल्ड युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उद्योगों को उनकी आवश्यकतानुसार प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उप समिति चेयरमैन प्रियंक भगत ने कहा कि जॉब फेयर का प्रथम चरण 15 जुलाई से अगस्त के प्रथम सप्ताह तक आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप अभ्यर्थियों का पंजीकरण, चयन और रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। बैठक में सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार ने इस पहल को उद्योग और युवाओं के बीच मजबूत सेतु बताते हुए इसे राज्य के रोजगार परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
बैठक में चेंबर उपाध्यक्ष राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग सहित अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak