झारखंड चेंबर और कर्नाटक के बल्लारी चेंबर के बीच हुआ एमओयू

 


रांची, 15 मई (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और बल्लारी डिस्ट्रिक्ट चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, कर्नाटक के बीच व्यापार एवं निवेश संभावनाओं को लेकर शुक्रवार को चेंबर भवन में संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में झारखंड सरकार के उद्योग सचिव अरवा राजकमल और उद्योग निदेशक विशाल सागर भी उपस्थित थे। बैठक के दौरान झारखंड और कर्नाटक के उद्योग और व्यापार प्रतिनिधियों के बीच बिजनेस आइडिया, निवेश अवसर, औद्योगिक सहयोग और व्यापार विस्तार को लेकर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों ने भविष्य में आपसी समन्वय के साथ उद्योगों के विकास के लिए मिलकर कार्य करने पर जोर दिया।

बैठक में चेंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि यह बैठक उद्योग, निवेश, पर्यटन और व्यापारिक सहयोग के नए अध्याय की शुरुआत है। झारखंड और कर्नाटक के उद्यमियों के बीच प्रत्यक्ष बातचीत से व्यापारिक सहयोग को नई गति मिलेगी और भविष्य में संयुक्त बिजनेस डेलिगेशन, बी2बी बैठकें एवं निवेश गतिविधियों को और विस्तार मिलेगा।

झारखंड चेंबर निवेशकों को हर स्तर पर देगा सहयोग : चेंबर अध्यक्ष

झारखंड चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि झारखंड और बल्लारी दोनों ही राज्यों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड तेजी से औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। राज्य की टेक्सटाइल पॉलिसी आकर्षक है और नई इंडस्ट्री पॉलिसी जल्द आने वाली है, जो निवेशकों के लिए सुनहरा अवसर लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज से भरापूरा राज्य है, जहां लिथियम, मैंगनीज, बॉक्साइट सहित कई खनिज उपलब्ध हैं। राज्य पावर सरप्लस है और यहां कुशल श्रमबल की कोई कमी नहीं है। मसाला, सब्जी, कॉटन, राइस मिल, रियल एस्टेट और एक्सपोर्ट सेक्टर में भी व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि उद्योग विभाग और झारखंड चेंबर निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग देगा।

वहीं उद्योग निदेशक विशाल सागर ने कर्नाटक के उद्यमियों का स्वागत करते हुए झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य में निवेश की अपार संभावनाओं पर बल देते हुए कहा कि राज्य में फूड प्रोसेसिंग, टूरिज्म और एग्रीकल्चर सेक्टर में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उद्योग विभाग निवेशकों को हरसंभव सहयोग देने के लिए सदैव उपलब्ध है।

वहीं उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि झारखंड उद्योगों की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध राज्य है। हमारे राज्य की औद्योगिक इकाइयां राज्य की औद्योगिक क्षमता को दर्शाती हैं।

बल्लारी डिस्ट्रिक्ट चेंबर के अध्यक्ष अव्वरु मंजूनाथ ने बल्लारी में निवेश की संभावनाओं पर अपनी बात रखते हुए झारखंड के उद्यमियों को कर्नाटक में निवेश के लिए आमंत्रित किया। बल्लारी चेंबर के पदाधिकारियों ने बेंगलुरु में आयोजित होने वाले एमएसएमई कॉन्क्लेव में झारखंड चेंबर को आमंत्रित किया।

बैठक के दौरान दोनों राज्यों के उद्यमियों और व्यापारियों ने अपने-अपने व्यवसाय का परिचय देते हुए आइडिया एक्सचेंज किया।

बैठक में धार्मिक एवं कन्वेंशनल टूरिज्म, बिजनेस डेवलपमेंट अवसर, बलारी के स्पंज आयरन यूनिट्स एवं अन्य उद्योगों के लिए कोल सप्लाई, झारखंड के व्यापारियों के लिए कॉटन एवं मिर्ची सप्लाई, झारखंड में उत्पादित कृषि उत्पादों की कर्नाटक में आपूर्ति और रेडीमेड जींस सप्लाई जैसे विषयों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने इन क्षेत्रों में एक-दूसरे को सहयोग देने पर सहमति व्यक्त की। इस अवसर पर झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स और बल्लारी डिस्ट्रिक्ट चेम्बर ऑफ कॉमर्स के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए।

बैठक में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, तुलसी पटेल, जी ईनाथा रेड्डी, के रामंजनेयालु सहित अन्य, उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak