झारखंड कृषि व्यापार मेला बना ज्ञान और किसानों के उत्साह का संगम
रांची, 17 जून (हि.स.)। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित झारखंड कृषि व्यापार मेला 2026 के दूसरे दिन बुधवार को किसानों की उत्साहपूर्ण भागीदारी, आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी और नवाचारों का संगम बना रहा।
राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने प्रदर्शनी, तकनीकी सत्रों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता कर कृषि के नए आयामों से परिचय प्राप्त किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मेले का भ्रमण कर किसानों का उत्साहवर्धन किया और विभिन्न विभागीय एवं निजी स्टॉलों का निरीक्षण कर कृषि, पशुपालन और इससे जुडे क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों की जानकारी ली।
मेले में कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, बागवानी सहित अन्य क्षेत्रों के विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और तकनीकी जानकारों ने किसानों को नई वैज्ञानिक तकनीकों, सरकारी योजनाओं, उन्नत नस्ल सुधार की जानकारी दी।
दिनभर आयोजित विभिन्न सत्रों में फसल उपरांत प्रबंधन, डिजिटल और जलवायु-स्मार्ट कृषि, कुक्कुट एवं अंडा उत्पादन, डेयरी आधारित कृषि व्यवसाय सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से चर्चा किया। इन सत्रों ने किसानों को आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने और आय में वृद्धि के नए मार्गों से अवगत कराया।
राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में कृषि व्यापार मेला प्रभावी मंच : शिल्पी
इस अवसर पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड कृषि व्यापार मेला 2026 किसानों को नई तकनीकों, सरकारी योजनाओं और बाजार से जोड़ने वाला एक प्रभावी मंच बनकर उभर रहा है। यह आयोजन राज्य की कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ किसानों को आत्मनिर्भर, समृद्ध और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मेले में झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू, पार्टी के सह प्रभारी डॉ सिरिबेला प्रसाद, भूपेश मरावी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, कुमार राजा, सोमनाथ मुंडा, जोसाई मार्डी भी पहुंचे।
सभी अतिथियों ने मेले में लगाए गए विभिन्न कृषि स्टॉलों, प्रदर्शनी क्षेत्रों और नवाचार केंद्रों को देखा और किसानों, कृषि उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों से बातचीत की। उन्होंने झारखंड सरकार के कृषि विभाग आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन किसानों की समृद्धि, आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार करने में एक महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak