राष्ट्रीय मलखंब प्रतियोगिता के लिए झारखंड की टीम झांसी रवाना

 


रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। झारखंड सब जूनियर एवं जूनियर बालक-बालिका मलखंब टीम शुक्रवार को अखिल भारतीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हटिया रेलवे स्टेशन से उत्तर प्रदश के झांसी के लिए रवाना हुई। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 29 सितंबर तक झांसी के व्यायामशाला मंदिर में किया जाएगा।

प्रशिक्षक सोहन कुमार और खेल प्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि टीम का चयन पिछले माह आयोजित झारखंड राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन के महासचिव अजय झा ने टीम की घोषणा की।

सब जूनियर बालक टीम में कप्तान हिमांशु कुमार, उपकप्तान विवेक कुमार, आदित्य केरकट्टा, आयुष टोप्पो, आदित्य उरांव और रोशन मुंडा शामिल हैं। जूनियर बालक टीम की कप्तानी सत्यवीर कुमार दास करेंगे। रणवीर कुमार दास उपकप्तान हैं। टीम में प्रिंस कुमार, आर्यन लोहरा, पीयूष कुमार और अमीत कुमार भी हैं।

सब जूनियर बालिका टीम में कप्तान अदिति केरकट्टा, उपकप्तान चांदनी नागवार, आस्था नागौर, आराधना सिंह, काजल कुमारी और पार्वती कुमारी शामिल हैं। जूनियर बालिका टीम में कप्तान अन्नू कुमारी, उपकप्तान सीमा कुमारी, भूमिका कुमारी, रिया कुमारी, अंशु कुमारी, रिशिका कुमारी और हंसिका कुमारी हैं।

टीम के साथ प्रशिक्षक निधि कुमारी, प्रबंधक अमिका कुमारी, चीफ डी मिशन अनुशिखा कुमारी और फिजियोथेरेपिस्ट जान्हवी कुमारी भी रवाना हुईं।

झांसी रवाना होने से पहले संघ के सहजाद कुरैशी, आशुतोष द्विवेदी, विवेक कुमार, सूरज कुमार, खुशबू तिवारी और वेद प्रकाश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar