अपराधियों ने बंदूक की नोक पर जेवर व्यवसायी से लूटे 9.50 लाख के गहने
दुमका, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिले के जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत तालझारी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक जेवर व्यवसायी से लाखों रुपये के आभूषण लूटकर फरार हाे गये।
घटना तालझारी हाट के समीप घटित हुई। इस वारदात काे दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने अंजाम दिया। करीब 9.50 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के गहने लूटकर अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हाे गये।
इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित आभूषण विक्रेता दिलीप कुमार साह कुशमाहा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने गुरुवार काे बताया कि 8 अप्रैल की शाम वह अपनी दुकान बंद करने के बाद जेवरात को एक थैले में रखकर बाइक से घर लौट रहे था। उनके साथ उनके संबंधी हरिनंदन साह भी पीछे बैठे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। अपराधियों ने व्यवसायी की कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए जेवर से भरा थैला लूट लिया। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित पुराना थाना गली की ओर भाग निकले।
पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, लूटे गए थैले में लगभग दो किलोग्राम चांदी और 35 ग्राम सोना था। वर्तमान बाजार दर के हिसाब से इन जेवरातों की कुल कीमत करीब 9.50 लाख रुपये आंकी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के बयान के अनुसार, अपराधी नीले रंग की अपाची बाईक पर सवार थे। अपराधी चेहरे को ढक रखा था। घटना के बाद व्यवसायी ने तालझारी थाने पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही तालझारी थाना पुलिस अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी में जुट गई है।
पुलिस आस-पास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जिससे अपराधियों का सुराग मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार