रांची के पांच केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई झारखंड पात्रता परीक्षा, करीब तीन हजार अभ्यर्थी हुए शामिल

 




रांची, 14 जून (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 रविवार को राजधानी रांची के पांच परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा में करीब तीन हजार अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया गया। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा तथा सभी केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।

परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने पूर्व से ही विशेष तैयारियां की थीं। विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर रोक लगाने के उद्देश्य से सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की थी। यह आदेश रविवार सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक प्रभावी रहा।

निषेधाज्ञा के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, किसी प्रकार की सभा, प्रदर्शन या बैठक आयोजित करने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग तथा हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध लगाया गया था। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना था।

रांची में परीक्षा के लिए पांच केंद्र निर्धारित किए गए थे। इनमें सेंट पॉल्स कॉलेज (चर्च रोड), सेंट जॉन्स हाई स्कूल (करबला टैंक रोड), रामटहल चौधरी हाई स्कूल (हिंदी माध्यम, बुटी), सेंट मार्गरेट्स गर्ल्स हाई स्कूल (बहू बाजार) तथा सेंट एन्स इंटरमीडिएट कॉलेज (पुरुलिया रोड) शामिल थे।

परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखी गईं। प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई और आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया गया। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को लगाया गया था।

परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से कदाचार, अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी समस्या की कोई सूचना नहीं मिली। प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया और सभी गतिविधियों की निगरानी की।

सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने बताया कि परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक उपाय किए गए थे। उन्होंने कहा कि निषेधाज्ञा लागू करने का मुख्य उद्देश्य परीक्षा केंद्रों के आसपास शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना और अभ्यर्थियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराना था। प्रशासन और पुलिस की सतत निगरानी के कारण परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी केंद्रों से बाहर निकले और अपने अनुभव साझा किए। अधिकांश अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक सहयोग को संतोषजनक बताया। कुल मिलाकर झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 राजधानी रांची में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे