बिलौटी में भूषण तिवारी के परिजनों से मिला झारखंड जदयू का प्रतिनिधिमंडल, निष्पक्ष जांच की मांग

 


रांची, 22 जून (हि.स.)। जनता दल (यूनाइटेड) झारखंड प्रदेश के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र तिवारी के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार के भोजपुर जिले के आरा अनुमंडल अंतर्गत बिलौटी गांव पहुंचकर बिहार पुलिस के कथित एन्काउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने परिवार के लोगों से घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा उनकी पीड़ा को सुना। जदयू नेताओं ने कहा कि भरत भूषण तिवारी के निधन से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि आम लोगों का कानून और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भरत भूषण तिवारी जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे थे और स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाते थे। जनहित से जुड़े विषयों पर उनकी सक्रियता के कारण वे हमेशा लोगों के बीच लोकप्रिय रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें जनहित के लिए संघर्ष करने वाला व्यक्ति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की मृत्यु अत्यंत दुखद और गंभीर मामला है। उन्होंने बताया कि परिजनों एवं ग्रामीणों ने प्रतिनिधिमंडल को घटना के संबंध में अपनी बातें बताईं और निष्पक्ष जांच की मांग की।

तिवारी ने कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की आशंका या भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून सर्वोपरि है और यदि किसी व्यक्ति पर आरोप हैं तो उसके लिए विधिक प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। किसी भी मामले में तथ्यों की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

जदयू नेता ने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि जनता को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके। उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को समुचित सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की और कहा कि परिवार के भरण-पोषण और भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी अथवा अन्य उपयुक्त सहायता प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से प्रभावित परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है।

धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) झारखंड प्रदेश पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और न्याय की लड़ाई में उनका साथ देगा। पार्टी इस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों तथा सरकार के समक्ष भी अपनी बात रखेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार की आवाज को उचित मंचों तक पहुंचाने के लिए पार्टी हरसंभव प्रयास करेगी।

प्रतिनिधिमंडल में जनता दल (यूनाइटेड) झारखंड प्रदेश के प्रदेश सचिव दिलीप पांडेय, पलामू जिला अध्यक्ष मनोज कुमार दुबे, जमशेदपुर जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे