उत्कृष्ट सम्मान के साथ लौटी जसास टीम, सचिव ने दी बधाई

 


रांची, 20 अप्रैल (हि.स.)।

केंद्र प्रायोजित आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत झारखंड को मिले सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार के बाद जसास की टीम सोमवार को सम्मान के साथ वापस लौटी।

कार्यकारी निदेशक छवि रंजन के नेतृत्व में टीम ने अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह से मुलाकात कर उन्हें यह सम्मान सौंपा। मौके पर अपर मुख्य सचिव ने पूरी टीम को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, लगन और निष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम की यह प्रतिबद्धता आगे भी इसी तरह बनी रहनी चाहिए, जिससे राज्य स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहे।

विभाग की ओर से बताया गया कि झारखंड को यह सम्मान तीसरे चिंतन शिविर में गुणवत्तापूर्ण दावों के सफल निष्पादन के लिए दिया गया। यह सम्मान समारोह महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया गया। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बीते 17 और 18 अप्रैल को आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में देशभर के राज्यों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए छवि रंजन (कार्यकारी निदेशक, जसास), सीमा सिंह (अपर कार्यकारी निदेशक, जसास), वैभव राय, डॉ अखिलेश कुमार झा और आशीष रंजन मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar