पुंदाग के राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भव्य जन्मोत्सव की तैयारी पूरी, जीवंत राधा-कृष्ण सेल्फी पॉइंट होगा आकर्षण

 




रांची, 03 सितंबर (हि.स.)। पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवाधाम के श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव का मुख्य आकर्षण जीवंत राधा-कृष्ण का सेल्फी पॉइंट होगा।

कोलकाता से आने वाली कलाकारों की विशेष टीम श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण प्रेम, कंस वध और उनके दिव्य चरित्र पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत करेगी। परमहंस डॉ. सदानंद जी महाराज के सानिध्य और श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी और मनोहारी सजावट से सजाया गया है। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि भगवान श्री राधा-कृष्ण के लिए वृंदावन से जड़ित आभूषणों से सुसज्जित विशेष वस्त्र मंगाए गए हैं। भगवान का भव्य श्रृंगार महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा। मंदिर परिसर में भव्य झूलन भी सजाया गया है।

महोत्सव के तहत प्रातः 5:30 बजे मंगला आरती, सुबह नौ बजे श्रृंगार आरती और 11 बजे थाल भोग होगा। शाम चार बजे दर्शन तथा छह बजे संध्या आरती होगी। शाम सात बजे से भजन गायक मनीष सोनी और कोलकाता की जागरण मंडली भजन-संकीर्तन प्रस्तुत करेगी। मध्यरात्रि में विशेष आरती और जन्मोत्सव के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री शिव मंदिर महावीर मंदिर न्याय समिति के सचिव हरिप्रसाद विजय वर्गीय, जयनारायण विजय, संजय गुप्ता, श्री राम भरत मिलाप समिति के संरक्षक बीके विजय, रोहित शारदा, प्रिंस पांडे, प्रिया सिन्हा, जितेंद्र बरनवाल, आरके गुप्ता, विवेक आर्य, विनीता शर्मा, कमल गिरी, किरण तिवारी, अनूप बर्मन, सौरव विजय सहित अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी अहम योगदान दे रहे हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar