रांची: जनवादी लेखक संघ की बैठक में हिंदी पत्रकारिता दिवस पर विशेष कार्यक्रम का निर्णय

 


रांची, 18 मई (हि.स.)। जनवादी लेखक संघ (जलेस), रांची की ओर से संघ के सदस्य पदाधिकारियों की एक ऑनलाइन बैठक सोमवार को कुमार बृजेंद्र की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों को निरंतर बनाए रखने, वैचारिक गोष्ठियों के आयोजन तथा संगठन के विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सफदर हाशमी सभागार में दो सत्रों में होगा, जिसका विषय “कल और आज : हिंदी पत्रकारिता” रखा गया है।

इस अवसर पर संघ के एम. जेड. खान ने जानकारी दी कि बैठक में सर्वसम्मति से विक्की मिंज को सोशल मीडिया इंचार्ज नियुक्त किया गया है। वे जलेस रांची की गतिविधियों का फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर प्रचार-प्रसार करेंगे।

बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय, जनोन्मुख और वैचारिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में डॉ. किरण, वीणा श्रीवास्तव, डॉ. जमशेद कमर, अपराजिता मिश्रा, अमल आजाद, विक्की मिंज सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar