विस्थापितों और कैजुअल कर्मियों की मांगों को लेकर डीवीसी अध्यक्ष से मिले जयराम
रांची, 15 सितंबर (हि.स.)। झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने मंगलवार को डीवीसी मुख्यालय, कोलकाता में निगम के अध्यक्ष से मुलाकात कर क्षेत्र की जनसमस्याओं, स्थानीय विकास, रोजगार और विस्थापितों के पुनर्वास से जुड़े मुद्दे उठाए।
विधायक ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस दौरान उन्होंने झारखंड में डीवीसी की विभिन्न परियोजनाओं से प्रभावित ग्रामीणों, विस्थापितों और कैजुअल कर्मियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाते हुए 10-सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। स्थानीय युवाओं के लिए उच्च स्तरीय विद्युत कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कर डीवीसी में नियोजन में प्राथमिकता देने की भी मांग रखी।
विधायक ने कहा कि डीवीसी ने क्षेत्र के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, लेकिन परियोजनाओं से प्रभावित स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रबंधन से मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई और ठोस कार्ययोजना बनाने का आग्रह किया है।
मांग पत्र में डीवीसी में कार्यरत कैजुअल कर्मियों को केंद्र सरकार के संबंधित प्रावधानों के अनुसार सुविधाएं देने और कार्य दिवस 13 से बढ़ाकर 26 करने, विस्थापित रैयतों का लंबित मुआवजा जारी करने और रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की गई।
इसके अलावा बीटीपीएस से छूटी पंचायतों को सीएसआर से जोड़ने, स्थानीय बच्चों के लिए निःशुल्क आईटीआई शिक्षा, डीवीसी अस्पतालों में चिकित्सक व स्टाफ की नियुक्ति, ग्रामीण बस सेवा, चेक डैम व सोलर वाटर लिफ्ट इरिगेशन, फ्लाई ऐश के अनियमित परिवहन पर रोक और परियोजना क्षेत्र के गांवों में स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली और शिक्षा की बेहतर व्यवस्था की मांग की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar