जैक ने प्रमाण पत्रों में त्रुटि सुधार की तिथि को बढाकर किया 30 सितंबर

 


रांची, 26 जून (हि.स.)। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए मैट्रिक, इंटरमीडिएट और अन्य बोर्ड प्रमाणपत्रों में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी है।

परिषद के इस फैसले से उन हजारों छात्रों को लाभ मिलेगा, जो निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर पाए थे। यह जानकारी शुक्रवार को जैक की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी गई।

जैक के अनुसार, छात्र अपने प्रमाणपत्रों में नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि, फोटो सहित अन्य स्वीकृत विवरणों में सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए संबंधित विद्यालय या कॉलेज के माध्यम से आवेदन जमा करना होगा।

जैक ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के साथ सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र और दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। अधूरे आवेदन या गलत दस्तावेजों के साथ भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए विद्यार्थी आवेदन करने से पहले सभी अभिलेखों की अच्छी तरह जांच कर लें।

बोर्ड का यह निर्णय इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि प्रमाणपत्रों में छोटी-सी त्रुटि भी भविष्य में उच्च शिक्षा में नामांकन, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी और निजी नौकरियों, छात्रवृत्ति, पासपोर्ट और अन्य आधिकारिक प्रक्रियाओं के दौरान परेशानी का कारण बन सकती है।

जैक ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि जिनके प्रमाणपत्रों में किसी भी प्रकार की गलती है, वे 30 सितंबर 2026 की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन की प्रक्रिया पूरी करें। इससे भविष्य में किसी भी शैक्षणिक या प्रशासनिक कठिनाई से बचा जा सकेगा।

इस संबंध में जैक के अध्यक्ष नटवा हांसदा ने कहा कि विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए प्रमाणपत्रों में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन की समय-सीमा 30 सितंबर 2026 तक बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों के प्रमाणपत्रों में किसी भी प्रकार की गलती है, वे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर आवेदन कर इसका लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak