जैक इंटरमीडिएट के नतीजे: साइंस में रशीदा, कॉमर्स में श्वेता और आर्ट्स में छोटी ने टॉप किया
रांची, 06 मई (हि.स.)। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा बुधवार को इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया। इस वर्ष के रिजल्ट में साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स तीनों संकायों में छात्रों का प्रदर्शन सराहनीय रहा, हालांकि पास प्रतिशत के मामले में आर्ट्स संकाय ने बाजी मारी।
साइंस स्ट्रीम में इस बार चार विद्यार्थियों ने टॉप स्थान हासिल किया। राशिदा नाज ने 489 अंक (97.8 प्रतिशत) के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर मो. फैजान आलम रहे, जिन्होंने 483 अंक (96.6 प्रतिशत) हासिल किए। वहीं तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से आकांक्षा कुमारी और सना आफरीन रहीं, दोनों ने 481 अंक (96.2 प्रतिशत) प्राप्त किए।
कॉमर्स संकाय में स्वेता प्रसाद ने 478 अंक (95.6 प्रतिशत) के साथ पहला स्थान हासिल किया। कृष कुमार बर्नवाल 472 अंक (94.4 प्रतिशत) के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि प्रियांशी खत्री 471 अंक (94.2 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
आर्ट्स स्ट्रीम में छोटी कुमारी ने 478 अंक (95.6 प्रतिशत) के साथ टॉप किया। अंकित कुमार 474 अंक (94.8 प्रतिशत) के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि अंशु कुमारी 473 अंक (94.6 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
जैक की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष आर्ट्स संकाय का कुल पास प्रतिशत 96.14 प्रतिशत रहा, जो तीनों संकायों में सबसे अधिक है। आर्ट्स में कुल 2,12,721 छात्रों ने आवेदन किया था, जिनमें से 2,11,095 परीक्षा में शामिल हुए और 2,02,962 छात्र सफल घोषित हुए।
साइंस संकाय में 90,638 छात्रों ने आवेदन किया था, जिनमें से 90,168 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 74,771 छात्र सफल हुए, जिससे कुल पास प्रतिशत 82.92 प्रतिशत रहा। वहीं कॉमर्स में 21,228 छात्रों ने आवेदन किया और 21,078 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 19,681 छात्र सफल रहे, जिससे पास प्रतिशत 93.37 प्रतिशत दर्ज किया गया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak