रामगढ़ में 50 केंद्रों पर होगी जे-टेट की परीक्षा
रामगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जे-टेट) के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी एक नवंबर को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में डीसी और एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रामगढ़ जिले में कुल 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली में 13,734 और द्वितीय पाली में 6,559 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 20,293 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी।
बैठक में डीसी ऋतुराज ने सभी केंद्रों पर निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और कार्यशीलता, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय और निर्धारित सीटिंग प्लान के अनुसार बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अभ्यर्थियों की नियमानुसार जांच और परीक्षा कर्मियों की जिम्मेदारियों को लेकर समुचित ब्रीफिंग करने का निर्देश दिया। डीसी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश