आइएसटीडी ने धूमधाम से मनाया 56वां स्थापना दिवस, स्कील डेवलपमेंट पर जोर

 


रांची, 17 अप्रैल (हि.स.)।

इंडियन सोसाइटी फॉर ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट (आइएसटीडी) की ओर से शुक्रवार को आइएसटीडी का 56वां स्थापना दिवस रांची स्थित झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की थीम शिक्षा एवं अधिगम परिदृश्य में प्रतिमान परिवर्तन रखी गई, जिसमें बदलते दौर में कौशल विकास की आवश्यकता पर चर्चा हुई। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि आईआईसीएम की पूर्व कार्यकारी निदेशक डॉ. कामाक्षी रमन ने कहा कि वर्तमान समय में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों का समावेश सफलता के लिए आवश्यक है।

मौके पर आइएसटीडी रांची चैप्टर के अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता ने संस्था की 56 वर्षों की उपलब्धियों और योगदानों पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता नरेंद्र कुमार ओझा एवं प्रो. डॉ. रमन बल्लभ ने डिजिटल लर्निंग और स्किल डेवलपमेंट की आवश्यकता पर बल देते हुए शिक्षा को सर्वांगीण विकास का माध्यम बताया।

कार्यक्रम का संचालन मंगल टोप्पो ने किया, जबकि सचिव मिथलेश कुमार उपाध्याय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar