झारखंड में सिंडिकेट की सरकार, जनता परिवर्तन का इंतजार कर रही : रघुवर

 


रांची, 05 जुलाई (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी, रांची महानगर जिला की ओर से भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125 वें स्मरण पक्ष के तहत महानगर जिला कार्यालय में महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर डॉ मुखर्जी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रवादी विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल, ओडिशा और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित था। उन्होंने सत्ता नहीं, बल्कि सिद्धांतों की राजनीति की। भारतीय जनता पार्टी आज जिस वैचारिक आधार पर विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन बनी है, उसकी मजबूत नींव डॉ मुखर्जी ने रखी थी। प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाए और राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाए।

उन्होंने झारखंड की वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की जनता आज सरकार से खुश नहीं है। झारखंड में सिंडिकेट की सरकार चल रही है। लूट, हत्या, दुष्कर्म और संगठित अपराध के गिरोह खुलेआम सक्रिय हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। पूरी हेमंत सोरेन सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। ऐसी जनविरोधी और भ्रष्ट सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता से बाहर करने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अभी से तैयार रहे। जनता आज भाजपा की ओर आशा और विश्वास भरी निगाहों से देख रही है और राज्य में सुशासन और विकास के लिए परिवर्तन चाहती है।

मौके पर रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल है। एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे का उनका उद्घोष केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत की एकता का संकल्प था। आज देश में राष्ट्रीय एकात्मता को मिली मजबूती उनके संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।

इस अवसर पर रांची की महापौर रौशनी खलखो ने कहा कि डॉ मुखर्जी का जीवन हमें राष्ट्रसेवा, शिक्षा, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों पर चलते हुए हमें समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और विकास की भावना को पहुंचाना है। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। उनका राष्ट्रवादी चिंतन, संगठन निर्माण की क्षमता और अखंड भारत का संकल्प आज भी भाजपा की कार्यशैली का आधार है। स्मरण पक्ष के माध्यम से महानगर के प्रत्येक मंडल एवं बूथ तक उनके विचारों को पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी उनके योगदान से परिचित हो सके।

सम्मेलन में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने, सेवा कार्यों को गति देने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में रांची जिला प्रभारी भरत यादव, महामंत्री द्वय बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, सुबोध सिंह गुड्डू, मुकेश मुक्ता, संजय जयसवाल, कृपाशंकर सिंह, रमेश सिंह, ललित ओझा, राजू सिंह, संकेत तिवारी, नीरज चौधरी सहित प्रदेश, जिला, मंडल एवं मोर्चा के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे