के.सी. वेणुगोपाल से मिले इरफान अंसारी, एसआईआर-एमएमडीआर समेत झारखंड के मुद्दों पर हुई चर्चा

 


रांची, 09 सितंबर (हि.स.)। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के संगठन प्रभारी के.सी. वेणुगोपाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झारखंड से जुड़े विभागीय और संगठनात्मक विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत रिपोर्ट सौंपी और चर्चा की।

इरफान अंसारी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुलाकात के दौरान झारखंड में स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों, स्वास्थ्य व्यवस्था में हो रहे बदलावों और जनहित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी वेणुगोपाल को दी गई। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों और उनकी प्रगति से भी अवगत कराया।

बैठक में एसआईआर को लेकर आम लोगों में बढ़ती चिंता, परेशानी और आक्रोश का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा एमएमडीआर से जुड़े विषयों, विभिन्न जिलों में कांग्रेस की ओर से आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों और जमीनी स्तर पर संगठन की गतिविधियों की भी जानकारी साझा की गई।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वेणुगोपाल ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संगठन तथा जनहित से जुड़े मामलों पर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। मुलाकात के बाद इरफान अंसारी ने कहा कि वेणुगोपाल का मार्गदर्शन और विश्वास हमेशा मनोबल बढ़ाता है। उन्होंने झारखंड के हित और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम जारी रखने की बात कही।

बैठक में कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष मंजूर अंसारी भी मौजूद थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar