आईपीएस एहतेशाम वकारिब बने जमशेदपुर के एसएसपी, मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां की कमान

 


रांची, 01 जुलाई (हि.स.)। झारखंड सरकार ने राज्य की पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

सरकार ने वर्ष 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी एहतेशाम वकारिब को जमशेदपुर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया है। इससे पहले वे सीआईडी में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर कार्यरत थे। अब अगले आदेश तक वे जमशेदपुर जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

वहीं, धनबाद के झारखंड सशस्त्र पुलिस-3 गोविंदपुर के कमांडेंट वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां जिले का नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के कारण पूर्वी सिंहभूम जिले के एसएसपी पीयूष पांडेय और उनकी पत्नी सरायकेला-खरसांवा जिले की एसपी निधि द्विवेदी को उनके पद से हटा दिया था और उन्हें पुलिस मुख्यालय में योगदान देने का आदेश दिया गया था।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राज्य में आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर की लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नए अधिकारियों की नियुक्ति को इसी दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे