बेसरा से मारपीट की जांच कर दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई : प्रवीण
रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने जमशेदपुर में 'संवाद' कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक एवं आजसू के प्रथम महासचिव रह चुके सूर्य सिंह बेसरा पर हुए जानलेवा हमले की निंदा की है। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि झामुमो के प्रखंड और जिला अध्यक्ष बॉडीगार्ड लेकर घूमते रहते हैं, लेकिन पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी बेसरा की सुरक्षा की राज्य सरकार को कोई चिंता नहीं। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा में चूक के लिए कौन जिम्मेवार है।
प्रभाकर ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा की झारखंड अलग झारखंड आंदोलन में प्रमुख भूमिका रही है। सार्वजनिक कार्यक्रम में उनके साथ इस प्रकार की मारपीट और दुर्व्यवहार न केवल निंदनीय है, बल्कि यह पूरे झारखंड आंदोलनकारियों और राज्य की अस्मिता पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी विषय पर असहमति या विरोध दर्ज कराने के संवैधानिक तरीके होते हैं, लेकिन हिंसा और अराजकता का कोई स्थान नहीं है।
प्रभाकर ने इस घटना को प्रशासनिक विफलता करार देते हुए राज्य सरकार और पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की अविलंब उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और हमले में शामिल सभी दोषियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak