एयर एंबुलेंस दुर्घटना की जांच कर दोषियों पर हो कार्रवाई : आजसू
रांची, 16 मार्च (हि.स.)। चतरा में हुए एयर एंबुलेंस के दुर्घटना के मामले में आजसू पार्टी के रांची जिला के उपाध्यंक्ष डॉ पारितोष के नेतृत्व में पार्टी के चिकित्सक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से लोक भवन में मुलाकात की। मुलाकात के दौरान पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से एयर एंबुलेंस के दुर्घटना की उच्चस्तरीय और स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की। मौके पर पार्टी के नेताओं ने बताया कि एयर एंबुलेंस में कोई ब्लैक बॉक्स नहीं था। ऐसे में सवाल उठता है कि बगैर ब्लैक बॉक्स के विमान के उडान की अनुमति कैसे मिली।
पार्टी ने राज्यपाल काे बताया कि दुर्घटना में सदर अस्पताल के प्रतिभावान डॉक्टर, डॉ विकास गुप्ता की भी मौत हो गई। डॉ गुप्ता अपने पीछे पत्नी और छह वर्षीय पुत्र को छोड गए हैं। ऐसे में राज्य सरकार को बालक के शिक्षा-दीक्षा और संरक्षण राज्य सरकार की ओर से करने की मांग की गई।
पार्टी की ओर से मामले में जिन बिंदुओं के जांच की मांग की गई है उनमें दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच के अलावा, विमान में ब्लैक बॉक्स के नहीं रहने के संबंध में स्पाष्ट जांच कराने, मौसम की चेतावनी के बावजूद विमान को टेकऑफ की अनुमति देने के कारणों की जांच करने, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और दुर्घटना में मारे गए लोगों को उचित मुआवजा देना शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak