अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर स्वास्थ्य विभाग कर्मियों ने किया योगाभ्यास

 


रांची, 17 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के तत्वावधान में बुधवार को आरसीएच कैंपस, नामकुम में कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लेकर योग और प्राणायाम का अभ्यास किया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपनिदेशक (आयुर्वेद) डॉ कृष्ण कुमार ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है और स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने में सहायता मिलती है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी-सह-सदस्य सचिव, जिला आयुष समिति रांची डॉ साकेत कुमार ने कहा कि सामूहिक योग सत्र कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण के निर्माण और स्वास्थ्य संवर्धन में सहायक सिद्ध होगा। आयुष योग प्रशिक्षक हेमा कुमारी और नंदकिशोर शर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में डॉ फजलुस समी, डॉ वकील कुमार सिंह, डॉ लाल मांझी, डॉ विजय रजक सहित अन्य अधिकारी कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar