कांवड़िया पथ और ठहराव स्थलों पर बम निरोधक दस्ता एवं डॉग डॉग स्क्वाड से जांच

 


देवघर, 28 जुलाई (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर देवघर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रही है। इसी क्रम में बम निरोधक और निस्तारण दस्ता एवं डॉग स्क्वाड की टीम ने कांवड़िया पथ और श्रद्धालुओं के ठहराव स्थलों पर लगातार सघन सैनिटाइजेशन एवं एंटी-सैबोटाज जांच अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान टीम पूरे कांवड़िया मार्ग और आवासीय स्थलों का बारीकी से निरीक्षण कर संदिग्ध वस्तुओं, विस्फोटक सामग्री सहित अन्य संभावित सुरक्षा खतरों की जांच कर रही है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना और मेले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समाप्त करना है।

देवघर पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु, लावारिस बैग, पैकेट या अन्य संदिग्ध सामग्री दिखाई दे तो उसे छूने, खोलने या हटाने का प्रयास न करें। ऐसी किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तत्काल देवघर पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर दें।

पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy