बांग्लादेशी घुसपैठ की आशंका को लेकर रेलवे स्टेशन पर चला सघन चेकिंग अभियान
रांची, 10 अक्टूबर (हि.स.)। ट्रेन के जरिए बांग्लादेशी घुसपैठियों के भारतीय सीमा में दाखिल होने की खुफिया रिपोर्ट के बाद झारखंड में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर ने खतरे की गंभीरता को देखते हुए बिहार और झारखंड सहित चार राज्यों के पुलिस मुख्यालयों को एक थ्रेट एडवाइजरी जारी की है।
इनपुट के मिलते ही दोनों राज्यों के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और गुजरने वाली ट्रेनों में सुरक्षाबलों की ओर से संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, कुल 18 संदिग्ध बांग्लादेशी घुसपैठिए मेघालय सीमा पार कर भारत में दाखिल हुए हैं और उनके रेल नेटवर्क के जरिए अलग-अलग राज्यों में फैलने की आशंका है।
इनपुट में विशेष रूप से लंबी दूरी की जम्मूतवी-अमरनाथ एक्सप्रेस का जिक्र किया गया है, जिसके जरिए इन संदिग्धों के आगे बढ़ने की बात सामने आई है। इसके बाद से ही आरपीएफ (आरपीएफ), जीआरपी (जीआरपी) और स्थानीय पुलिस को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।
जांच में यह बात सामने आई है कि घुसपैठियों ने दो अलग-अलग समूहों में भारतीय सीमा में प्रवेश किया। 22 सितंबर को जारी आधिकारिक पत्र के मुताबिक पहले समूह में 8 बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे, जो 8 सितंबर को मेघालय के मौसिनराम सेक्टर से घुसे और गुवाहाटी से अमरनाथ एक्सप्रेस में सवार हुए।
वहीं, दूसरे खुफिया इनपुट के अनुसार 10 अन्य बांग्लादेशी नागरिकों का जत्था मेघालय के डाउकी क्षेत्र से अवैध रूप से दाखिल हुआ, जो गुवाहाटी से इसी ट्रेन के जरिए देश के अन्य हिस्सों में जाने की फिराक में था। फिलहाल, रेलवे सुरक्षा बल और राज्य की खुफिया एजेंसियां संदिग्धों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशनों पर संदिग्ध सामानों और व्यक्तियों की तलाशी का दौर लगातार जारी है।
इस मामले में रांची आरपीएफ इंस्पेक्टर शिशुपाल कुमार ने बताया कि झारखंड पुलिस मुख्यालय से एडवाइजरी मिलने के बाद स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान संदिग्ध बैग और और व्यक्ति की पहचान पत्र की जांच की गई।
हालांकि शनिवार को इस जांच अभियान में रांची रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध सामान और व्यक्ति की पहचान नहीं हुई है। रांची रेलवे स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट पर लगातार आरपीएफ की टीम तैनात है और संदिग्ध व्यक्ति पर नजर रख रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे