धूमधाम से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस
खूंटी, 01 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर खूंटी में असंगठित कामगार मोटिया मजदूर किसान संघ के तत्वावधान में शुक्रवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष सयूम अंसारी ने की। इस अवसर पर मजदूरों के अधिकारों, सम्मान और उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डालसा के सहायक एलएडीसी अमरदीप कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मजदूर समाज की रीढ़ हैं और उनके हक व अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को मिलकर आवाज बुलंद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को न्याय दिलाने और उनके हितों की सुरक्षा के लिए कानूनी जागरूकता बेहद जरूरी है।
डालसा के अधिवक्ता मदन कुमार गंजू ने अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक मई को यह दिवस इसलिए मनाया जाता है, क्योंकि अमेरिका में मजदूरों से 14 घंटे काम लिया जाता था। इसके विरोध में मजदूरों ने 8 घंटे कार्यदिवस की मांग की थी। इस आंदोलन को दबाने के लिए सरकार ने गोलीबारी की, जिसमें कई मजदूरों की जान चली गई। उसी घटना की स्मृति में यह दिन मजदूर दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि वार्ड संख्या 9 के पार्षद विनय नायक ने कहा कि मोटिया मजदूर और रिक्शा चालक अपनी शारीरिक मेहनत से समाज की सेवा करते हैं, लेकिन उन्हें उनके श्रम का उचित फल नहीं मिल पाता। उन्होंने सरकार से इन मजदूरों को अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ देने की मांग की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूरों की भागीदारी रही और सभी ने एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार