इनर व्हील क्लब ऑफ स्वर्णरेखा की नई कार्यकारिणी ने संभाला पदभार

 


रांची, 20 जुलाई (हि.स.)। इनर व्हील क्लब ऑफ स्वर्णरेखा, रांची (डिस्ट्रिक्ट-325) का 10वां इंस्टॉलेशन समारोह सोमवार को हरमू स्थित जे.के. सदन में आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसके नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने विधिवत पदभार ग्रहण किया।

नई कार्यकारिणी में नीता शेखर को अध्यक्ष, अर्चना त्रिवेदी को उपाध्यक्ष, शालिनी सिन्हा को सचिव, निशी श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष, अनीता जायसवाल को आईएसओ, सुषमा पांडेय को एडिटर तथा सोमा भादुड़ी को तत्कालीन अध्यक्ष (आईपीपी) की जिम्मेदारी सौंपी गई।

समारोह के दौरान नई टीम ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया। 'ब्रांडिंग द फीट गर्ल्स' अभियान के तहत कचहरी चौक पर जागरूकता होर्डिंग लगाने की पहल की गई। इसके अलावा डोरंडा स्थित क्षितीश डेफ एंड डम्ब मिडिल स्कूल के दिव्यांग बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, रबर, डस्टबिन, बाल्टी सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया।

इससे पहले समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। वरिष्ठ सदस्य रिंकू बनर्जी के मंत्रोच्चारण तथा मनीषा के स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम को गरिमामय बनाया। डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी नीता नारायण ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को इनर व्हील की पिन पहनाकर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर आशिमा, सरिता मोदी, कविता, मीता और रंजना सिन्हा को क्लब की सदस्यता की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पास्ट डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन (पीडीसी) पूनम प्रकाश क्लब की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इनर व्हील क्लब समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को जनहित में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह में विभिन्न इनर व्हील क्लबों के पदाधिकारी, चार्टर प्रेसिडेंट दीपा चौहान, उपाध्यक्ष अर्चना त्रिवेदी सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar