ग्रामीण लड़कियों को मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
- इनरव्हील क्लब ऑफ रामगढ़ ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम- हाइजीन किट वितरित कर मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने पर दिया जोर
रामगढ़, 12 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की लड़कियों को मासिक धर्म स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को इनरव्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं और मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. अविनाश कौर ने लड़कियों को मासिक धर्म से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचलित भ्रांतियों को दूर करते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व को समझाया। साथ ही मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने, संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर बिना किसी झिझक के खुलकर बातचीत करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर क्लब की ओर से लड़कियों के बीच हाइजीन किट और दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई। किट में सैनिटरी नैपकिन, डेटॉल एंटीसेप्टिक लिक्विड, साबुन सहित व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़ी आवश्यक सामग्री शामिल थी। इस पहल का उद्देश्य लड़कियों को स्वच्छता के जरूरी साधन उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें लड़कियों ने मासिक धर्म स्वास्थ्य से जुड़ी अपनी शंकाएं रखीं, जिनका डॉ. अविनाश कौर ने समाधान किया। क्लब की इस पहल का उद्देश्य मासिक धर्म से जुड़ी झिझक दूर करना, ग्रामीण लड़कियों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनका आत्मविश्वास मजबूत करना था।
मौके पर इनरव्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की अध्यक्ष श्वेता जैन के अलावा नवजीत कौर, नीरू साहनी, प्रियंका जैन, निधि चौधरी और रंजू अग्रवाल उपस्थित थीं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश