मनमानी वसूली की शिकायत पर नगर आयुक्त ने किया मुक्ति धाम का निरीक्षण

 


रांची, 07 नवंबर (हि.स.)। एचईसी धुर्वा सीटीओ रोड स्थित स्वर्ण रेखा शांति मुक्ति धाम में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और अंतिम संस्कार के नाम पर मनमानी वसूली रोकने की बात पर रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को वार्ड संख्या 39 स्थित मुक्ति धाम का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने घाट में मौजद व्यवस्थाओं में सुधार के कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

मुक्तिधामों में अंतिम संस्कार के नाम पर मनमानी वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने पारदर्शी व्यवस्था बनाने का निर्देश दिया। इसके लिए उन्होंने एक कमेटी गठित कर अगले सप्ताह बैठक आयोजित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अंतिम संस्कार स्थल, प्रतीक्षालय, चेंजिंग रूम, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पूरे परिसर की सफाई, पेवर निर्माण, हाईमास्ट लाइट लगाने और खराब पथ प्रकाश व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने का निर्देश दिया। परिसर से सटी नदी की सफाई और आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर ठोस प्रस्ताव तैयार कर नगर निगम बोर्ड की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

नगर आयुक्त ने कहा कि शोक की घड़ी में परिजनों को आर्थिक शोषण और अनावश्यक परेशानी से बचाना जरूरी है। शहर के सभी मुक्ति धामों में स्वच्छता, मूलभूत सुविधाएं और पारदर्शी संचालन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता और नगर प्रबंधक मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar