मतदाता जागरूकता अभियान में विद्यार्थियों को दी गई नाम दर्ज कराने की जानकारी

 


रांची, 21 अगस्त (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत रांची के संतोष कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिंग एजुकेशन में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं अन्य हितधारकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदाता पहचान पत्र और लोकतंत्र में मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत अपना नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। उन्होंने पात्र नागरिकों से ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से सुविधापूर्वक आवेदन करने की अपील की।

जिला प्रशासन के अनुसार, अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के साथ नागरिकों में मतदान और मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

अभियान के दौरान प्रतिभागियों को ईसीआईनेट ऐप डाउनलोड करने और इसके माध्यम से फॉर्म-06 भरकर नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवश्यक दस्तावेजों और ऐप के उपयोग की प्रक्रिया के बारे में भी व्यावहारिक जानकारी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar