क्षेत्रीय गणित-विज्ञान व्यवस्था बैठक और प्रश्न निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ
रामगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)।
शहर के गोला रोड स्थित रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में तीन दिवसीय क्षेत्रीय गणित-विज्ञान व्यवस्था बैठक सह प्रश्न निर्माण कार्यशाला का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन लोक शिक्षा समिति, उत्तर बिहार के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह, क्षेत्रीय विज्ञान संयोजक राजाराम शर्मा, विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव शंकर लाल अग्रवाल, सर्वेंद्र कुमार साहू एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आगामी विद्या भारती क्षेत्रीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता की तैयारी, सुव्यवस्थित आयोजन और उच्च गुणवत्ता वाले प्रश्न-पत्रों का निर्माण करना है। इस वर्ष क्षेत्रीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन रामगढ़ में होना सुनिश्चित हुआ है। इसी को लेकर तीन दिवसीय कार्यशाला में झारखंड और बिहार के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रधानाचार्य एवं आचार्य प्रतियोगिता की रूपरेखा, प्रश्न निर्माण एवं आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श करेंगे।
प्रदेश सचिव रामलाल सिंह ने कहा कि विद्या भारती की प्रत्येक प्रतियोगिता केवल प्रतिभा प्रदर्शन का मंच नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, संगठन एवं राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रश्न निर्माण में शुद्धता, निष्पक्षता एवं नवाचार के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं आचार्यों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि आगामी क्षेत्रीय प्रतियोगिता को उत्कृष्ट, अनुशासित एवं आदर्श स्वरूप प्रदान किया जा सके।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार क्षेत्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पूर्ण समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश