क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण,महिला सुरक्षा और जनसुनवाई पर जोर
रामगढ़,06 जून (हि.स.)। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कदम उठाने के उद्देश्य से शनिवार को एसडीपीओ आलोक रंजन ने अपने कार्यालय कक्ष में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों के प्रभारी, पुलिस निरीक्षक और अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था का संधारण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से कोयला चोरी पर प्रभावी रोक लगाने,महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया।
एसडीपीओ ने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। किसी भी नागरिक को न्याय पाने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों का पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।
बैठक में पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी गश्ती अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस की सक्रिय उपस्थिति आवश्यक है। रात्रि गश्ती और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाकर अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।
बैठक में मांडू इंस्पेक्टर रजत कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय,रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार,गोला इंस्पेक्टर पंकज कुमार, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, मांडू थाना प्रभारी सदानंद प्रसाद सहित जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश