रांची में वोटर वेरिफिकेशन में 74 प्रतिशत एन्यूमरेशन फॉर्म बंटे, 24 प्रतिशत का डिजिटाइजेशन
रांची, 12 जुलाई (हि.स.)। जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की रफ्तार लगातार बढ़ रही है । शनिवार शाम 4 बजे तक जिले के करीब 74 फीसदी मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचा दिया गया, जबकि करीब 24 फीसदी फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है।
जिला प्रशासन ने रविवार को बताया कि जिले के 26.74 लाख मतदाताओं में से अब तक 19.77 लाख एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं।
वहीं 6.33 लाख फॉर्म ऑनलाइन डिजिटाइज किए जा चुके हैं।
विधानसभा क्षेत्रों में सिल्ली में 96.22 फीसदी फॉर्म का वितरण हो चुका है और 34.13 फीसदी फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं।
वहीं तमाड़ में 94.40 फीसkp फॉर्म बांटे गए हैं और 32.97 फीसदी का डिजिटाइजेशन हुआ है। मांडर में 88.56 फीसदी वितरण और 33.92 फीसदी डिजिटाइजेशन, जबकि खिजरी में 88.98 फीसदी वितरण और 29.21 फीसदी डिजिटाइजेशन का काम पूरा हुआ है।
शहरी क्षेत्रों में काम की धीमी चल रही है, रांची विधानसभा में अब तक 49.25 फीसदी फॉर्म ही वितरित हो सके हैं और 10.77 फीसदी का डिजिटाइजेशन हुआ है। वहीं हटिया में 55.12 फीसदी वितरण और 16.80 फीसदी डिजिटाइजेशन और कांके में 71.87 फीसदी वितरण और 20.24 फीसदी डिजिटाइजेशन दर्ज किया गया है।
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों को अभियान में और तेजी लाने का निर्देश दिए है। उन्होंने कहा है कि तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत फॉर्म का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से भी अपील की है कि वे अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जल्द से जल्द भरकर बीएलओ के पास जमा करें, ताकि सत्यापन और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे