इंटरनेशनल मार्शल कराटे खिलाड़ियों ने जीते पांच स्वर्ण सहित आठ पदक
रांची, 26 जून (हि.स.)।
बिशप वेस्टकॉट गर्ल्स स्कूल, डोरंडा में आयोजित सीआईएससीई जोनल कराटे चैंपियनशिप में इंटरनेशनल मार्शल आर्ट (आईएमए) एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल आठ पदक अपने नाम किए।
स्कूल की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल का प्रतिनिधित्व करते हुए मारिया लवलीन खेस, बृष्टि मोनिका केरकेट्टा और शाइनी शिमोना टोप्पो ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि सुनिधि एक्का ने रजत पदक हासिल किया।
वहीं बिशप वेस्टकॉट गर्ल्स स्कूल, नामकुम की खिलाड़ी मिस्टी कुमारी ने अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर स्कूल का नाम रोशन किया।
बिशप स्कूल, बहुबाजार के प्रीत सोनी ने स्वर्ण पदक और हुजैैफा ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा बिशप वेस्टकॉट बॉयज स्कूल, नामकुम के आदित राज ने रजत पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने कहा कि खिलाड़ियों को आगामी क्षेत्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए और बेहतर प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे पटना में आयोजित रीजनल प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
प्रतियोगिता में सफलता पर इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के तकनीकी निदेशक रेंशी सुनील किस्पोट्टा और अध्यक्ष सेंसई अनिल किस्पोट्टा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar