कांटाटोली में चल रहे अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर को प्रशासन ने किया सील
रांची, 24 जून (हि.स.)। जिला प्रशासन ने गुप्त सूचना के आधार पर रांची के कांटाटोली स्थित एक अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापेमारी कर बुधवार को उसे सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान अल्ट्रासाउंड मशीन सहित कई उपकरण और दस्तावेज जब्त किए गए।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत अवैध रूप से संचालित इस अल्ट्रासाउंड केंद्र के खिलाफ कार्रवाई की है। कांटाटोली चौक के निकट गैलेक्सी कॉम्प्लेक्स स्थित सिटी अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया।
जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सिविल सर्जन डॉ प्रभात रंजन ने बताया कि पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत अनुमति के बिना अल्ट्रासाउंड केंद्र का संचालन अवैध है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि भ्रूण हत्या और लिंगानुपात असंतुलन को बढ़ावा देने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि केंद्र के संचालक डॉ राजेश कुमार बिना आवश्यक पंजीकरण के अल्ट्रासाउंड सेंटर का संचालन कर रहे हैं। इसके बाद गठित टीम ने केंद्र पर छापेमारी की। कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने किया।
इस दौरान मुख्य रूप अल्ट्रासाउंड मशीन, कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, एएनसी रजिस्टर, बिल बुक सहित अन्य संबंधित दस्तावेज एवं उपकरण जब्त किए गए। केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
छापेमारी टीम में नामित दंडाधिकारी, लोअर बाजार थाना पुलिस, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सिविल सर्जन कार्यालय के प्रतिनिधि सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar