प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार खुलासा, दो गिरफ्तार

 


दुमका , 24 सितंबर (हि.स.)। प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार का जिला के सरैयाहाट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है। पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर चरकापाथर गांव स्थित बिजली कैंप के समीप एक घर में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद करते हुए दो कारोबारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दी है।

गिरफ्तार आरोपित हंसडीहा थाना क्षेत्र के मुस्लिम टोला निवासी यूसुफ अंसारी और शमशेर अंसारी है। पुलिस कप्तान के निर्देश पर एसडीपीओ, जरमुंडी नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में बनी टीम छापेमारी की। टीम ने मो इरशाद मियां के घर पर छापेमारी की, जहां तलाशी के दौरान पांच कार्टून प्रतिबंधित कफ सिरप एवं अल्ट्राजोलम टैबलेट बरामद किए गए।

पूछताछ में इरशाद मियां ने बताया कि उक्त मकान इजराइल अंसारी, यूसुफ अंसारी उर्फ युनुस अंसारी और शमशेर अंसारी उर्फ केलू को किराये पर दिया है। इसके बाद पुलिस ने हंसडीहा स्थित आरोपितों के घर पर भी दबिश दी, जहां से प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गईं। पूछताछ के दौरान यूसुफ अंसारी और शमशेर अंसारी ने खुलासा किया कि देवघर जिला के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलथर गांव में भी एक किराये के कमरे में कफ सिरप छिपाकर रखा गया है।

पुलिस ने वहां देवघर पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर पांच और कार्टून कफ सिरप जब्त की। इस कार्रवाई में कुल 100 एमएल के 1710 बोतल कफ सिरप एवं 7200 पीस अल्ट्राजोलम टैबलेट बरामद किए गए जिनका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 04 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पूर्व में भी हंसडीहा थाना में मामला दर्ज किया जा चुका है।

वहीं आरोपित शमशेर अंसारी पर आर्म्स एक्ट सहित पांच अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। मामले की जांच के लिए औषधि निरीक्षक, दुमका को आवेदन दिया गया है। औषधि निरीक्षक ने बताया कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के ऐसी दवाओं की बिक्री और बिना लाइसेंस भंडारण करना कानूनन अपराध है। थाना प्रभारी के बयान पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में सरैयाहाट थाना प्रभारी अनुज कुमार, हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत यादव, एसआई विकेश मेहरा सहित सरैयाहाट थाना पुलिस के जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार