अरगड्डा में कोयले के बाद अब पत्थरों का अवैध उत्खनन

 


- सीसीएल सुरक्षाकर्मियों से मारपीट का आरोप

रामगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले के अरगड्डा कोलियरी क्षेत्र में कोयले के अवैध खनन के बाद अब पत्थरों का अवैध उत्खनन भी धड़ल्ले से किए जाने का मामला सामने आया है। अरगड्डा झोपड़ी गांव के समीप जंगल में कंशाइन पत्थरों के अवैध उत्खनन की जानकारी मिलने के बाद सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) प्रबंधन हरकत में आया है। निरीक्षण के दौरान अवैध खनन का खुलासा होने पर जब सीसीएल के सुरक्षाकर्मियों ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर तस्करों और असामाजिक तत्वों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही उन्हें धमकी भी दी गई।

इस संबंध में सीसीएल सिरका परियोजना के सुरक्षा पदाधिकारी रोपना साहू ने जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ), जिला वन पदाधिकारी (डीएफओ) और संबंधित पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी है। उन्होंने अवैध उत्खनन में शामिल लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

सुरक्षा पदाधिकारी के अनुसार, अवैध उत्खनन स्थलों के निरीक्षण के दौरान अरगड्डा झोपड़ी गांव के समीप जंगल में कुछ लोगों को कंशाइन पत्थरों का अवैध उत्खनन करते पाया गया। जंगल क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों से न केवल प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि खनन स्थल पर किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि सीसीएल के सुरक्षा कर्मियों ने जब अवैध उत्खनन रोकने का प्रयास किया तो वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद सीसीएल के सुरक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को लिखित सूचना दी है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश