अवैध खनन मुहानों को चिन्हित कर कराएं बंद : डीसी
रामगढ़, 30 मार्च (हि.स.)। डीसी फैैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता और एसपी अजय कुमार की उपस्थिति में जिला समाहरणालय के सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई।
बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने अवैध खनन के विरुद्ध किए जा रहे कार्यों की डीसी सहित अन्य को पीपीटी के माध्यम से विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
बैठक के दौरान डीसी ने पिछले कुछ समय में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए किए गए कार्यों की जानकारी ली और भी प्रभावी तरीके से अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीसी ने खनन टास्क फोर्स की पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देश पर किए गए कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान डीसी ने कहीं से भी अवैध मुहानों से खनन होने संबंधित सूचना प्राप्त होने पर त्वरित रूप से कार्रवाई करते हुए उसे अच्छी तरह बंद कराने का निर्देश दिया।
वहीं डीसी ने हाल ही में अवैध मुहाने को बंद करने के तहत किए गए कंट्रोल ब्लास्टिंग की सराहना करते हुए नियमित रूप से अवैध मुहानों को चिन्हित कर जरूरत के अनुसार कंट्रोल ब्लास्टिंग कर उन्हें बंद करने का निर्देश दिया।
खनन टास्क फोर्स की बैठक के दौरान डीसी ने खनिजों के परिवहन से संबंधित सभी वाहनों में जीपीएस लगाने का निर्देश दिया वहीं, डीसी ने प्रदूषण नियंत्रण के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को जिले के विभिन्न रेलवे साइडिंग का निरीक्षण कर नियम अनुसार रेलवे साइडिंग का संचालन सुनिश्चित करने काे कहा। इसके अलावा उन्होंने अंचलाधिकारी और सभी थाना प्रभारियों को अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए कई दिशा निर्देश दिया।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधकों, अंचल अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश