स्टोन चिप्स लदे ट्रक से भारी मात्रा में बिहार ले जा रहे विदेशी शराब जब्त

 


दुमका, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जिला के शिकारीपाड़ा थाना पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब से लदा एक स्टोन चिप्स लदा ट्रक जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि अंतरराज्यीय तस्कर ट्रक के जरिए अवैध शराब की एक बड़ी खेप किसी अन्य क्षेत्र में खपाने के उद्देश्य से ला रहे हैं। सूचना का तुरंत सत्यापन करते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने जब एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी गहन तलाशी ली, तो उसमें से विभिन्न ब्रांडों की भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।

तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ट्रक में शराब की पेटियों को बेहद गुप्त तरीके से स्टोन चिप्स में छिपाकर रखा था। जब्त शराब की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। शराब बिहार में खपाने की योजना थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर लिया है।

थाना प्रभारी अमित लकड़ा का कहना है कि पूछताछ के आधार पर इस पूरे सिंडिकेट और इसके मुख्य सरगना का पता लगाया जा रहा है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी करवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार