एनएच-33 पर अवैध कट ने ले ली अब तक कई लोगों की जान

 


रामगढ़, 12 जून (हि.स.)। शहर के पटेल चौक, कांकेबार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर एक अवैध कट ने कई लोगों की मौत की वजह बन चुका है। शुक्रवार को इसी अवैध कट से सड़क पार कर रहे एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक की पहचान कांकेबार निवासी बसंत रविदास (21) के रूप में हुई है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने बताया कि बसंत रविदास एनएच पर बने अवैध कट से होकर ही सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान रांची की ओर से हजारीबाग की तरफ जा रहे एक ट्रक एमएच 45 एएक्स 5050 ने उसे कुचल दिया। इस हादसे में युवक के कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह पीस गया है।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और एनएचएआई के अधिकारियों के खिलाफ जमकर बवाल किया। बताया गया कि पटेल चौक से आगे बढ़ते ही कांकेबार के पास डिवाइडर को गलत तरीके से कुछ ग्रामीणों ने तोड़कर एक कट बना दिया है। इस रास्ते से 24 घंटे बाइक और पैदल चलने वाले लोग गुजरते हैं। रास्ते पर तेज गति से चलने वाली गाड़ियों का वहां कंट्रोल नहीं रहता और एक छोटी सी गलती मौत का सबब बन जाती है।

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि पिछले दो महीने में कई लोगों की जान इस स्थान पर चली गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कांकेबार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर गलत तरीके से बनाया गया यह कट बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है। रास्ते पर गाड़ियां काफी तेज गति से चलती हैं और जिस जगह पर कुछ ग्रामीणों ने छोटी सी सुविधा के लिए डिवाइडर को काटा है वह जगह उन्हीं लोगों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। फिलहाल ग्रामीणों की सुरक्षा और राहगीरों की सुरक्षा के लिए उस स्थान पर मिट्टी और छाई गिराई गई है। ताकि उस अवैध कट से कोई भी व्यक्ति गुजर ना सके। उसे पूरी तरीके से बंद करने के लिए वरीय अधिकारियों को भी सूचित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश