रजरप्पा मंदिर के पास होटल से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त, मामला दर्ज
रामगढ़, 19 जून (हि.स.)। रजरप्पा मंदिर के समीप होटल में धड़ल्ले से शराब परोसी जा रही थी। रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को छापेमारी हुई तो भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त किया गया। पुलिस ने रजरप्पा मंदिर प्रक्षेत्र में अवैध विदेशी शराब बिक्री का खुलासा किया और 87 बोतल शराब जब्त किया। छापेमारी के दौरान पुलिस को देख होटल संचालक फरार हो गए। पुलिस ने होटल मालिक सहित तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार रजरप्पा मंदिर के समीप नदी किनारे स्थित नवादा होटल से विभिन्न ब्रांडों की 87 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई है। इस मामले में होटल मालिक और दो संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को अवर निरीक्षक रंजीत कुमार महतो के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस टीम जब रजरप्पा मंदिर के पास नदी किनारे स्थित नवादा होटल पहुंची तो वहां मौजूद दो व्यक्ति पुलिस को देखकर फरार हो गए। भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर दोनों पुलिस की पकड़ से बच निकले।
होटल की तलाशी के दौरान पांच कार्टून में रखा विभिन्न ब्रांड की 87 बोतलें विदेशी शराब बरामद की गई। जिसकी कुल मात्रा लगभग 28.815 लीटर बताई गई है।
छापेमारी के दौरान वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति ने शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया। पुलिस शराब को जब्त कर अपने साथ थाना ले गई। इस मामले में नवादा होटल के मालिक राजेश विश्वकर्मा, संचालक अनिल साव और अशोक साव के खिलाफ रजरप्पा थाना में उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश